Palamu : पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कोसिआरा गांव में दो दिन से लापता दस वर्षीय ऋतु कुमारी का शव रविवार को एक कुएं से बरामद किया गया। ऋतु, राम विनय चौरसिया की बेटी थी। शुक्रवार शाम वह अपनी बहन के लिए खेत पर खाना लेकर गई थी, इसके बाद वह घर वापस नहीं आई।
परिजनों ने बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई थी। पुलिस और ग्रामीण दो दिनों तक तलाश में जुटे रहे। रविवार को गांव के ही एक कुएं में संदेह होने पर पुलिस और ग्रामीणों ने वहां जांच की और शव बाहर निकाला।
प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। अधिकारियों का अनुमान है कि किसी आपराधिक तत्व ने बच्ची की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आसपास के इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है।
घटना की खबर फैलते ही गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने पुलिस से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय की मांग की।
स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच हो। विधायक ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त सजा सुनिश्चित करने की बात कही।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का खुलासा होगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग न्याय की मांग पर अड़े हैं।

