Giridih : महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गिरिडीह जिला पुलिस ने एक और सराहनीय कदम उठाया है। शनिवार को SP डॉ. विमल कुमार ने महिला थाना परिसर में बने “स्वागत कक्ष” का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर SP डॉ. कुमार ने कहा कि यह स्वागत कक्ष सिर्फ एक भौतिक ढांचा नहीं, बल्कि संवेदना और विश्वास का प्रतीक है। इसका उद्देश्य उन महिलाओं को सहजता और सुरक्षा का अनुभव कराना है, जो अपनी शिकायत लेकर थाने आती हैं। उन्होंने बताया कि इस कक्ष में महिला पुलिस अधिकारी और प्रशिक्षित परामर्शदाता मौजूद रहेंगी, जो न केवल कानूनी मदद देंगी, बल्कि संवेदनशीलता के साथ शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान भी करेंगी।
SP ने कहा कि कई बार संवाद और समझ से विवादों को सुलझाया जा सकता है। ऐसे मामलों में यह स्वागत कक्ष एक सुलह-संवाद मंच की भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि गिरिडीह पुलिस महिलाओं से जुड़े अपराधों पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत काम कर रही है। डॉ. विमल कुमार ने जिले की सभी महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी अन्याय या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ महिलाओं की समस्याओं का समाधान करें।

SP ने कहा कि गिरिडीह पुलिस हमेशा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
Also Raed : गिरिडीह बस स्टैंड पर यात्रियों से लूट और मारपीट, रंगदारी का किया था विरोध

