Giridih : गिरिडीह जिले में एक छठी कक्षा की छात्रा की बॉडी उसके घर की छत पर संदिग्ध अवस्था में बरामद की गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की शिनाख्त महजबी परवीन के तौर पर की गई है। परिजनों ने शुक्रवार को शव के साथ थाना पहुंचे और हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराई। घटना पचंबा थाना क्षेत्र के डंडियाडीह गांव से सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार की शाम की है। उस वक्त छात्रा की मां और बहन पास के घर में शादी की हल्दी रस्म में शामिल होने गई थीं, जबकि महजबी घर के बाहर खेल रही थी। जब वे वापस लौटीं तो घर के दरवाजे पर ताला लटका देखा और महजबी कहीं नहीं मिली। पड़ोसी के घर की छत से जब परिजन अपने घर की छत पर पहुंचे, तो महजबी का शव वहीं पड़ा मिला।
शव देखने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता मोहम्मद इलियास दुबई में काम करते हैं, जबकि परिवार फिलहाल गिरिडीह में रहता है। घटना के बाद परिजन महजबी का शव लेकर तिसरी प्रखंड के चंदौरी गांव चले गए। लेकिन बाद में उन्हें शक हुआ कि यह हत्या का मामला हो सकता है। इसके बाद वे शुक्रवार को शव के साथ थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

सूचना मिलने पर थानेदार राजीव कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। कई लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने परिजनों के आवेदन पर FIR दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थानेदार राजीव कुमार ने बताया कि “नाबालिग छात्रा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।” पुलिस अब इस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।
Also Read : रांची में पेंशन दरबार व सेवा निवृत्ति सम्मान समारोह, DC ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया सम्मानित

 

