Ranchi : रातू रोड फ्लाईओवर के नीचे के 101 पिलर्स पर जल्द ही झारखंड की लोककला और संस्कृति की झलक दिखाई देगी। केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने इस पर अपनी सहमति दे दी है। एनएचएआई अब विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय मंत्रालय को भेजेगा।
फिलहाल पिलरों को सफेद-भूरे रंग से रंगा गया है। इसके बाद सोहराई पेंटिंग और झारखंड की प्रमुख जनजातियों, प्राकृतिक स्थलों, नदियों-झरनों और राज्य के प्रमुख स्थलों की तस्वीरों को पिलरों पर उकेरा जाएगा। यह शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान को भी दिखाएगा।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने फ्लाईओवर के नीचे खाली जगहों पर बैडमिंटन कोर्ट बनाने की पहल भी की है। उन्होंने इसके लिए हेहल स्पोर्टिंग क्लब से प्रस्ताव लिया है। उनका कहना है कि रातू रोड क्षेत्र में खेल के मैदान कम हैं और कोर्ट बनने से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।

हालांकि फ्लाईओवर के नीचे खाली जगहों पर कुछ जगहों पर अतिक्रमण शुरू हो गया है। लोग कब्जा करके वहां सोते हैं या गंदे कपड़े रखते हैं। वहीं, नागा बाबा खटाल के पास जानवर रखने और अवैध वाहन पार्किंग की शिकायतें हैं। एनएचएआई और संजय सेठ ने कहा कि इसे रोकना जिला प्रशासन और स्थानीय थानों की जिम्मेदारी है।
पेंटिंग का काम केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की फाइनल स्वीकृति मिलने के बाद ही शुरू होगा। इसके साथ ही फ्लाईओवर के नीचे जगह का व्यवस्थित उपयोग और सफाई सुनिश्चित करने की योजना भी बनाई जा रही है।
Also Read : शेयर बाजार में हल्की बढ़त, सेंसेक्स 218 अंक चढ़ा, निफ्टी 50 अंक ऊपर

 

