Chaibasa : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा के आह्वान पर बुधवार को किए गए कोल्हान बंद को पूरी तरह विफल बताया है। झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने कहा कि जनता ने भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को नकार दिया है। कोल्हान बंद का जनजीवन पर कोई असर नहीं पड़ा। चाईबासा सदर बाजार और चक्रधरपुर के शहरी क्षेत्रों को छोड़कर जिले के अन्य हिस्सों में दुकानें आम दिनों की तरह खुली रहीं और यातायात सामान्य रहा। चाईबासा से चलने वाले यात्री वाहन भी बिना किसी रुकावट के अपने गंतव्य तक पहुंचे।
लागुरी ने भाजपा पर कोल्हान की शांति भंग करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नो-एंट्री को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान भाजपा समर्थकों ने सोची-समझी रणनीति के तहत पत्थरबाजी कर हिंसा फैलाने की कोशिश की। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की गलत नीतियों के कारण आदिवासी समाज के कई लोग आज कानून के शिकंजे में फंसे हैं, इसलिए समाज को इनसे सावधान रहना चाहिए।
बुधराम लागुरी ने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के उपायुक्त के साथ किए गए अभद्र व्यवहार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि मधु कोड़ा ने अपनी राजनीति चमकाने के चक्कर में सामाजिक संगठनों को बदनाम किया है। लागुरी ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव के बाद मंत्री दीपक बिरुवा और राज्य सरकार इस मामले पर ठोस निर्णय लेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Also Read : मधुकम तालाब हादसा : महुआ माजी पहुंची पीड़ित परिवार के घर, मुआवजा राशि दिलाने का दिया भरोसा

