Palamu : झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव के पास उत्तर कोयल मुख्य नहर में डूबे 16 वर्षीय किशोर नैतिक चौहान का शव प्रशासन ने 36 घंटे बाद बरामद किया। शव छठ घाट से करीब 400 मीटर की दूरी पर मिला।
जानकारी के अनुसार, शव नहर के नीचे बहते वक्त पटिया में फंस गया था। प्रशासन द्वारा नहर का पानी बंद कराने के बाद शव दिखाई दिया और उसे निकाला गया। नैतिक 27 अक्टूबर को छठ पूजा के दौरान नहाने के दौरान नहर में डूब गया था। वह अपने ननिहाल अराजी कुसुमहरा, हुसैनाबाद आया हुआ था। मृतक के मामा विजय चौहान ने बताया कि नैतिक को तैरना नहीं आता था और पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया।
शव को बिशुनपुर और सोनबरसा गांव के बीच से बरामद किया गया। खोजबीन अभियान के दौरान हुसैनाबाद के सीओ पंकज कुमार, बीडीओ सुनील वर्मा, थाना प्रभारी सौरभ चौबे और एसआई श्रीनिवास शर्मा सहित पुलिस बल मौजूद था। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि आपदा प्रबंधन के तहत कागजी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सहायता राशि दी जाएगी। मृतक किशोर गढ़वा जिले के परिहारा गांव निवासी अरविंद चौहान का पुत्र था। घटना के बाद परिहारा गांव में मातम पसरा हुआ है।

