Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सरकारी अनाज गोदाम में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में सैकड़ों क्विंटल अनाज जलकर नष्ट हो गया, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
आग लगने की सूचना सुबह करीब चार बजे स्थानीय लोगों ने प्रशासन को दी। गोदाम प्रबंधक अभिषेक हाजरा मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे लपटों में झुलस गए। उन्हें तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दमकल की दो गाड़ियों ने लगभग तीन घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गोदाम का सारा अनाज जल चुका था। घटना की भीषणता के कारण आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई थी।

घटना स्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस और प्रशासन ने कई संदिग्ध सबूत पाए। गोदाम की छत का चादर टूटा हुआ था, जले हुए कपड़े और लाइटर मिले। इसके अलावा, आग की सच्चाई छिपाने के लिए सीसीटीवी और डीवीआर भी जला दिए गए थे। प्रारंभिक जांच में यह आग प्राकृतिक कारण से नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से लगाई गई प्रतीत होती है।
प्रशासन ने पूरे गोदाम परिसर को सील कर फोरेंसिक टीम को जांच में लगाया है। सरायकेला के एसडीओ, डीएसपी और बीडीओ सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने कहा कि हर पहलू की जांच की जाएगी और आगजनी की साजिश की संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

