Chaibasa : चाईबासा के जेटेया थाना क्षेत्र के घने जंगल और पहाड़ी इलाके में चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने भारी मात्रा में हथियार, गोलियां और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है। जिले के एसपी अमित रेणु को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के उग्रवादियों ने इलाके के जंगल में हथियार और कई सामान छिपा रखा है। उनका मकसद सुरक्षा बलों को निशाना बनाना और उनके बढ़ते कदम को रोकना है।
सूचना मिलने के बाद एसपी अमित रेणु के निर्देश पर बीते 16 अक्टूबर को एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसमें चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर के जवानों को शामिल किया गया। बम निरोधक दस्ता की भी मदद ली गयी। संयुक्त बलों ने जेटेया थाना क्षेत्र के बुरूबोरता जंगल और आसपास के पहाड़ी इलाकों में 17 अक्टूबर की सुबह सर्च अभियान शुरू किया। सर्च अभियान के दौरान बम निरोधक दस्ते की मदद से पुलिस ने जंगल के एक हिस्से से छिपाकर रखे गए हथियार, कारतूस और नक्सलियों के उपयोग की कई वस्तुएं बरामद कीं। बरामद सभी सामग्रियों को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने अभियान के दौरान निम्नलिखित सामग्री बरामद की है…

- इंसास रायफल – 01
- 5.56 mm की 198 जिंदा गोलियां
- 7.62 mm की 112 जिंदा गोलियां
- .303 बोर की 134 जिंदा गोलियां
- ब्लेंक (खाली) 15 गोलियां
- इंसास रायफल के 4 मैगजीन
- 7.62 SLR रायफल के 2 मैगजीन
- .303 रायफल के 2 मैगजीन
- .303 रायफल के 9 खाली चार्जर
- काला सीलिंग (कपड़ा) – 2 पीस
- फुलथ्रू – 2 पीस
- सिरींज – 12 पीस
- पीटू बैग – 2 पीस
- कंबल – 2 पीस
- पौच – 2 पीस
- नोटबुक – 1 पीस
- अन्य पुस्तकें – 2 पीस
पुलिस की अपील
झारखंड पुलिस ने नक्सल गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट आएं। पुलिस ने कहा है कि राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत वे एक नई शुरुआत कर सकते हैं।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर उन्हें दोबारा सक्रिय नहीं होने दिया जाएगा। सुरक्षा बल जंगल क्षेत्र में लगातार गश्त और सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।
Also Read : चाईबासा में IED से पुलिया उड़ाने वाले दो नक्सली गिरफ्तार, विस्फोटक बनाने वाले सामान बरामद