Ranchi : राजधानी रांची के एक रिसॉर्ट में ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी। यह रिसॉर्ट नगड़ी थाना क्षेत्र में है। मिली जानकारी के अनुसार जिला परिषद सदस्य के पति बजरंग महतो और उसके दोस्तों ने जमकर फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास दहशत का माहौल बन गया। रिसॉर्ट में पार्टी चल रही थी। इसी दौरान बजरंग महतो ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर तीन लाइसेंसी हथियारों से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत नगड़ी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगड़ी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए फायरिंग में शामिल चार लोगों को हिरासत में ले लिया। साथ ही तीनों लाइसेंसी हथियारों को भी जब्त कर लिया गया।
घटनास्थल से मिले खोखे
पुलिस तलाशी के दौरान घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई थी। पुलिस को भनक लगते ही कुछ लोग वहां से कारतूस के खोखे उठाकर ले गए।

एसपी ने दी जानकारी
रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि घटना हर्ष फायरिंग से जुड़ी हुई है। रिसॉर्ट को पार्टी के लिए बुक किया गया था, जहां बजरंग महतो और उसके साथियों ने देर रात फायरिंग की। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लाइसेंसी हथियारों का इस तरह से दुरुपयोग गंभीर अपराध है। मामले की पूरी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : बढ़ा दी गयी पुलिस विभाग में भर्ती की डेट… जानें डिटेल्स