Bokaro: सप्तमी के पावन अवसर पर सेक्टर 2/C मैदान में 45वें दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस वर्ष का पंडाल गुजरात के प्रसिद्ध नीलकंठ मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मध निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ चंदनक्यारी विधायक उमाकांत रजक, बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने विधिवत फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर माता दुर्गा की प्रतिमा का पट खोला। इस दौरान जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा।
पंडाल की भव्य सजावट, कलात्मक प्रतिमाएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आयोजन समिति ने सुरक्षा और व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। समिति सदस्यों के मुताबिक, पूरे सप्ताह विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर भारी संख्या में भक्त पहुंचे और माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
Also read:जमशेदपुर के मानगो चौक पर अचानक हुआ ट्रक का ब्रेक फेल, फिर…
Also read:जमशेदपुर में साइबर अपराधियों ने खाता से उड़ाए ₹70 हजार, ATM कार्ड बदलकर किया कांड