Jamshedpur: जमशेदपुर के बागबेड़ा इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर गांधीनगर बस्ती में छापेमारी कर दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान गांधीनगर निवासी बादल मुखी और करण पात्रो के रूप में हुई है। ये मामला बीती देर रात का है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की। अधिकारियों के अनुसार, बरामद हथियारों की जांच की जा रही है कि इन्हें कहां से लाया गया और किन वारदातों में इस्तेमाल करने की योजना थी। बागबेड़ा थाना के एएसआई संतोष कुमार के बयान पर दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी छानबीन कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के नेटवर्क और गिरोह से संबंधों की भी जांच होगी।

स्थानीय लोगों ने कहा कि हाल के दिनों में क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे लोग चिंतित हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न केवल संभावित अपराध को टाल दिया, बल्कि अपराधियों के हौसले भी कमजोर किए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि इलाके में अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।