
Patna : पटना हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति पवन कुमार बजंथरी को रविवार को राजभवन में शपथ दिलाई गई। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर CM नीतीश कुमार, डिप्टी CM सम्राट चौधरी, मंत्रिपरिषद के सदस्य, न्यायपालिका और राजनीतिक क्षेत्र के कई बड़े लोग मौजूद रहे।
नियुक्ति का सफर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को न्यायमूर्ति बजंथरी को पटना हाई कोर्ट का 46वां मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया। इससे पहले 27 अगस्त 2025 को उन्हें कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था। अब वे पूर्णकालिक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
शिक्षा और करियर
न्यायमूर्ति बजंथरी का जन्म 23 अक्टूबर 1963 को हुआ। उन्होंने धारवाड़ के विद्यावर्धक संघ और कर्नाटक लिंगायत एजुकेशन सोसायटी से शिक्षा प्राप्त की। बेंगलुरु के एस.जे.आर. लॉ कॉलेज से विधि स्नातक की डिग्री हासिल की। 1990 में वे कर्नाटक उच्च न्यायालय की बार काउंसिल में अधिवक्ता बने और कई कानूनी क्षेत्रों में काम किया। 2015 में वे कर्नाटक हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश बने और बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में स्थानांतरित हुए। 2018 में वे फिर कर्नाटक लौटे और 2021 से पटना हाई कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं।
महत्वपूर्ण फैसले
पटना हाई कोर्ट में अपने कार्यकाल के दौरान न्यायमूर्ति बजंथरी ने कई ऐतिहासिक फैसले दिए। खास तौर पर बिहार के शराबबंदी कानून के दुरुपयोग पर उनकी गंभीर टिप्पणियां और मार्गदर्शन चर्चा में रहे। इसके अलावा, विवाह, तलाक और परिवार न्यायालयों से जुड़े मामलों में भी उनकी पीठ ने कई अहम निर्णय सुनाए।
Also Read : नवरात्र पूजा के लिए गंगाजल लेने गए दो युवक डूबे, SDRF ने शुरू की तलाश