
Ranchi : रांची नगर निगम ने शहर में अपनी जमीनों के बेहतर उपयोग और विकास को लेकर आज अहम कदम उठाया। प्रशासक सुशांत गौरव के नेतृत्व में निगम टीम ने एदलहातु और रॉक गार्डन स्थित निगम की भूमि का निरीक्षण किया और विकास की दिशा में विस्तृत योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
एदलहातु भूमि पर समग्र विकास की योजना
निरीक्षण के दौरान एदलहातु की 4 एकड़ 80 डिसमिल भूमि पर विशेष ध्यान दिया गया।
- भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण का निर्देश।
- क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने हेतु पौधारोपण अभियान।
- अवैध निर्माण हटाकर अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश।
- एदलहातु मेन रोड पर पाए गए गड्ढों को तत्काल भरने और सड़क दुरुस्त करने का निर्देश।
प्रशासक ने कहा कि भूमि का समग्र विकास शहरवासियों के लिए सुविधाजनक होगा और भविष्य में निगम की योजनाओं के लिए भी महत्वपूर्ण संसाधन साबित होगा।
रॉक गार्डन में वेंडिंग जोन का प्रस्ताव
रॉक गार्डन में निगम की 1 एकड़ 58 डिसमिल भूमि पर नए वेंडिंग जोन की योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
इससे कांके रोड स्थित वेंडर्स को एक जगह पर व्यवस्थित किया जा सकेगा। साथ ही पार्किंग की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
निगम संपत्ति को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने पर जोर
प्रशासक ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की संपत्तियों को सुरक्षित, स्वच्छ और जनोपयोगी बनाना प्राथमिकता है। इन योजनाओं से न केवल नागरिकों को लाभ होगा, बल्कि भविष्य में निगम की और परियोजनाओं के लिए यह भूमि महत्वपूर्ण संसाधन साबित होगी।
निरीक्षण दल में अपर प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक सूरज प्रकाश सिंह समेत निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
Also Read : रांची के नए एसएसपी राकेश रंजन ने संभाला पदभार, बोले- बेहतर कार्य को आगे बढ़ाया जायेगा