Pakur : पाकुड़ जिले के महेशपुर में एक बाइक की सीट के नीचे करैत सांप मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना सोमवार को हुई, जब संदीप कुमार पाल अपनी पत्नी को बाइक से स्वास्थ्य उप केंद्र छोड़ने जा रहे थे। उनकी पत्नी वहां नौकरी करती हैं। रास्ते में पत्नी की नजर सीट के नीचे छिपे सांप पर पड़ी। उन्होंने तुरंत चलती बाइक से कूदकर संदीप को सूचित किया।
सर्प मित्र ने किया रेस्क्यू
संदीप ने बाइक रोककर जांच की तो उन्हें भी सांप दिखा। उन्होंने तुरंत वन विभाग के सर्प मित्र अशराफुल शेख को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अशराफुल ने सावधानी से बाइक की सीट हटाकर करैत सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
लोगों को जागरूक करने की अपील
अशराफुल शेख ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि सांप इकोसिस्टम का अहम हिस्सा हैं। बरसात के मौसम में सांपों का दिखना आम है। ऐसी स्थिति में सांप को मारने के बजाय विशेषज्ञों की मदद लेनी चाहिए। बता दें कि अशराफुल ने बरसात में कई जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें जंगल में छोड़ा है और उनके कार्यों की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।
Also Read : UPI के नए नियम आज से लागू, अब एक दिन में 10 लाख तक कर सकेंगे पेमेंट