Pakur : झारखंड के पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के तालडीह गणपुरा गांव के पास एक अज्ञात महिला की बॉडी मिलने के बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। मुख्य आरोपी रतन मंडल को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से खून से सना कपड़ा, चप्पल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।
बॉडी और सिर पर चोट के निशान
पुलिस को बॉडी पर सिर में चोट के निशान मिले थे, लेकिन शुरुआत में मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पाकुड़ SP निधि द्विवेदी के निर्देश पर SIT गठित किया गया। जांच में पता चला कि मृतका पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और उसका विवाह महेशपुर थाना क्षेत्र के रतन मंडल से हुआ था।
विवाद ने ली हत्या की शक्ल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका और रतन मंडल के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। 6 सितंबर को दोनों तालडीह गांव की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनका विवाद बढ़ गया। गुस्से में रतन मंडल ने महिला पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और डेड बॉडी को सड़क किनारे फेंक दिया।
आरोपी से बरामद हुए सबूत
गहन जांच के बाद पुलिस ने रतन मंडल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से खून से सने कपड़े, चप्पल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also read : स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी को कोर्ट से राहत, जमीन विवाद मामले में बरी