Ranchi : गोरखपुर से पाटलिपुत्र जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 26502) पर एक बार फिर पत्थरबाजी हुई है। यह घटना मेहसी-मोतीपुर के बीच महम्मदपुर बलमी गांव के पास हुई, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके। इससे कोच C-6 की सीट नंबर 1 और 2 की खिड़की का शीशा टूट गया। हालांकि गनीमत रही कि कोई यात्री घायल नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह पत्थरबाजी बीते कल हुई है।
सीसीटीवी में बच्चे दिखे पत्थर फेंकते
इस वारदात के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में करीब 10 साल के कुछ बच्चे पत्थर फेंकते नजर आए हैं। उनकी पहचान और उम्र का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद टूटे शीशे को मुजफ्फरपुर स्टेशन पर बदला गया।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब इस रूट पर पत्थरबाजी हुई हो। इससे पहले 30 जून को भी मोतीपुर आउटर सिग्नल के पास ट्रेन पर पत्थर फेंके गए थे, जिसमें दो किशोरों को गिरफ्तार किया गया था। रेलवे लगातार इन घटनाओं को रोकने के प्रयास कर रहा है।
जागरूकता अभियान और हाईटेक सुरक्षा
आरपीएफ ने मोतीपुर और महम्मदपुर बलमी गांव में जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें लोगों को बताया गया कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाना कानूनी अपराध है। वंदे भारत ट्रेनों में अब KAVACH सिस्टम और हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिससे घटनाओं की रिकॉर्डिंग और जांच में मदद मिल रही है।
पिछले कुछ महीनों में बिहार और उत्तर प्रदेश में वंदे भारत ट्रेनों पर कई बार पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। अप्रैल में भागलपुर-हावड़ा वंदे भारत और जून में गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत पर भी पत्थरबाजी हो चुकी है।