Ranchi : आदिवासी समुदाय की नेत्री को सोशल मीडिया पर गाली देने वाला यूट्यूबर अमित महतो को आखिरकार रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अमित की गिरफ्तारी आसनसोल से हुई है। आरोपी पर आदिवासी समुदाय की महिलाओं और जेएमएम के विधायकों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल समेत कई अभद्र भाषा को लेकर गंभीर आरोप है। आरोपी अमित के खिलाफ रांची और धनबाद में प्राथमिकी दर्ज है। इधर, जेल जाने से पूर्व आरोपी ने आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो पर कई गंभीर आरोप लगाया है। उसने मीडिया से बातचीत में कहा कि सुदेश महतो ने विधानसभा चुनाव से पूर्व पांच लाख का ऑफर दिया था। जिसमें जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम के खिलाफ काम करने को बोला गया था। इसके अलावा जेल जाने से पूर्व आरोपी ने आदिवासी समुदाय के लोगों से माफी भी मांगा है। उसने कहा कि बहकावा में आकर उससे यह गलती हुई है। इस पूरे खेल में आजसू का बड़ा रोल है।
आदिवासी नेत्रियों और विधायकों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी
अमित महतो ने अपने यूट्यूब चैनल के जरिए आदिवासी नेत्रियों निशा भगत और ज्योत्सना करकेट्टा के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कही थीं। इसके अलावा, झामुमो के टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो और सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के बारे में भी अभद्र टिप्पणियां की थीं। वीडियो वायरल होने के बाद सामाजिक संगठनों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया था।
धनबाद का रहने वाला है आरोपी
अमित महतो धनबाद जिले के परसबनिया गांव का निवासी है। रांची और धनबाद पुलिस में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज थी। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। तकनीकी निगरानी के बाद पता चला कि वह आसनसोल में छिपा है। रांची पुलिस ने धनबाद पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में मामला
अमित के खिलाफ आईटी एक्ट और समाज में वैमनस्य फैलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त कर लिए हैं। वीडियो की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
Also Read : शराब घोटाला में गिरफ्तार विनय सिंह के सील शोरूम खोलने का HC ने दिया निर्देश