Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टूइलाडुंगरी लाइन नंबर 27 में बुधवार रात करीब 9 बजे गोली चालन की घटना से सनसनी फैल गई। इस घटना में 30 वर्षीय सागर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सागर सिंह को पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सागर सिंह के पिता का कुछ दिन पहले निधन हो गया था और शुक्रवार को उनका दशकर्म संस्कार गुरुद्वारा में संपन्न हुआ। देर शाम दशकर्म कार्यक्रम के बाद सागर अपने कुछ दोस्तों के साथ घर के पास बैठा हुआ था। तभी अचानक, लगभग 9 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग सागर को अस्पताल ले जाने में जुट गए।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सागर शांत स्वभाव का युवक है, और इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। पुलिस इस वारदात को आपसी रंजिश या किसी पुराने विवाद से जोड़कर भी देख रही है। फिलहाल सागर की स्थिति अस्पताल में स्थिर बताई जा रही है, जबकि पुलिस हमलावर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

