Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार सुबह आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों में युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान उलीडीह शंकोसाई रोड नंबर-दो निवासी 35 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या की आशंका मिली है। विकास के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। शरीर पर मिले गहरे जख्म इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि हमलावरों ने बेहद बेरहमी से उसकी हत्या की है।
झाड़ियों में पड़ा मिला शव, इलाके में फैली सनसनी
रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों में एक युवक का शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और आसपास से साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया ऐसा माना जा रहा है कि विकास की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को झाड़ियों में लाकर फेंक दिया गया, ताकि पहचान और जांच में मुश्किलें खड़ी की जा सकें।
शनिवार रात भांजे से मिलने गया था विकास
मृतक के भाई अशोक सिंह ने बताया कि विकास शनिवार रात अपने भांजे से मिलने उलीडीह क्षेत्र गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कई बार मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद मिला। परिजन पूरी रात उसके लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन रविवार सुबह एक युवती का फोन आया, जिसने झाड़ियों में विकास का शव पड़े होने की जानकारी दी। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सिर पर कई वार, हत्या की आशंका गहराई
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मृतक के सिर पर धारदार हथियार से कई बार हमला किया गया था। शरीर पर मौजूद जख्म हत्या की बर्बरता को दर्शा रहे हैं। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि विकास की आखिरी गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके। शव मिलने की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।
Also Read : अनियंत्रित हाइवा ने मचाई तबाही, पेड़ तोड़ घर में घुसा वाहन


