Ranchi : राजधानी रांची सहित कई जिलों में शनिवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल सकती है। इसकी वजह है ला नीना का प्रभाव। रांची मौसम केंद्र ने इसके लिए अलर्ट जारी किया है।
मॉनसून ने ली विदाई
झारखंड में मॉनसून अब लगभग पूरी तरह खत्म हो चुका है। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 10 मिलीमीटर बारिश गुमला में दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून की विदाई 95% पूरी हो चुकी है और अगले 2-3 दिनों में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
रविवार को प्रमुख शहरों का तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) इस प्रकार रहा :

- रांची : 29/21 डिग्री, AQI 116
- जमशेदपुर : 32/22 डिग्री, AQI 158
- धनबाद : 32/22 डिग्री, AQI 86
- बोकारो : 32/22 डिग्री, AQI 90
न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट
लातेहार में 48 घंटे पहले न्यूनतम तापमान 20 डिग्री था, जो शनिवार रात 16 डिग्री तक गिर गया। यानी 4 डिग्री की कमी दर्ज की गई। रांची, खूंटी और लोहरदगा में भी न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहा, जो पहले 22-23 डिग्री था।
आज रहेगा साफ मौसम
रविवार को झारखंड में मौसम साफ रहेगा। दोपहर और शाम को आसमान खुला रहेगा, जिससे लोग सूर्योदय और सूर्यास्त का आनंद ले सकेंगे। हालांकि, शाम 7 बजे के बाद हल्की ठंड महसूस हो सकती है। न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट संभव है।
ला नीना लाएगा कड़ाके की ठंड
रांची मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि ला नीना के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहेंगे, जिससे झारखंड में शुष्क मौसम और कम बारिश होगी। हिमालय से आने वाली ठंडी हवाएं न्यूनतम तापमान को और कम कर सकती हैं।
क्या है ला नीना?
ला नीना एक मौसमी घटना है, जिसमें प्रशांत महासागर का सतही तापमान सामान्य से ज्यादा ठंडा हो जाता है। इसका असर दुनियाभर के मौसम पर पड़ता है।
Also Read : स्वास्थ्य मंत्री के बेटे को भरना पड़ा ₹3650 का जुर्माना, चलती कार के सनरूफ वाला वीडियो हुआ था वायरल