Ranchi : राजधानी सहित पूरे झारखंड में एक बार फिर मौसम बदल गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है और आसमान काले बादलों से ढका हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्टूबर से लेकर 11 अक्टूबर तक झारखंड के अधिकतर जिलों में लगातार बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आज कुछ जिलों में जोरदार बारिश के साथ-साथ वज्रपात भी हो सकता है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा और किसी तरह के सुधार की उम्मीद नहीं है।
राज्य के जिन जिलों में भारी बारिश के आसार हैं, उनमें कोडरमा, चतरा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और हजारीबाग शामिल हैं। वहीं रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी और सिमडेगा जिलों में वज्रपात की संभावना के चलते अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इन दिनों खास सतर्कता बरतें, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करें।
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 07 October 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल
Also Read : सुजीत सिन्हा की चेतावनी पर राहुल सिंह की धमकी… देखें