Chatra : चतरा जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश का असर अब सरकारी दफ्तरों पर भी साफ नजर आने लगा है। गिद्धौर अंचल कार्यालय परिसर में घुटनों तक पानी भर जाने से ऑफिस का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
बीते तीन दिनों से हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, रामगढ़ और रांची जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है। नदियां उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इसी क्रम में गिद्धौर अंचल कार्यालय भी बारिश की चपेट में आ गया।
कार्यालय परिसर में पानी भरने से आम जनता के साथ-साथ कर्मचारी और अधिकारी भी परेशान हैं। लोगों को घुटनों तक भरे पानी से गुजरकर दफ्तर तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे कार्यालय का नियमित संचालन बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश में यही हालात बन जाते हैं। अब तक प्रशासन की ओर से कोई कारगर कदम नहीं उठाए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
लोगों ने प्रशासन से जल्द जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि ऑफिस का कामकाज सामान्य हो सके और जनता को हो रही परेशानी से राहत मिले।
Also Read : ओडिशा से झारखंड में घुसे दो ट्रकों को सिमडेगा पुलिस ने पकड़ा, 42 लाख का अवैध माल जब्त