जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो स्थित आस्था स्पेस टाउन में रविवार को क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई जिसमें समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। सभा में गुस्से और दुख के बीच न्याय की मांग बुलंद हुई।
पूर्व सांसद आनंद मोहन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “विनय सिंह की हत्या को 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक एक भी गिरफ्तारी नहीं हुई। अगर पुलिस और प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो हम ईंट से ईंट बजा देंगे। यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि समाज पर हमला है।” उन्होंने चेतावनी दी कि मॉनसून सत्र के बाद पूरे राज्य में प्रतिकार आंदोलन छेड़ा जाएगा और मुख्यमंत्री व राज्यपाल से इस मुद्दे पर मुलाकात की जाएगी। पूर्व सांसद ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।
क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने कहा कि पुलिस ने जांच के लिए मई के अंत तक का समय मांगा है। “मोबाइल और अन्य सबूत एफएसएल जांच के लिए भेजे गए हैं। लेकिन हम अब और इंतजार नहीं कर सकते। हमने पहले सात सूत्रीय मांग प्रशासन को सौंपा है, जिसे सोमवार को दोबारा दोहराया जाएगा।”
वहीं आजसू नेता चंद्रगुप्त सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस जांच जातिगत पूर्वाग्रह से ग्रसित है, जिससे हत्यारे अब भी आज़ाद घूम रहे हैं। भाजपा नेता अभय सिंह ने समाज को संगठित होकर एक मंच पर आने की आवश्यकता बताई।
सभा में डॉ. संगीता सिंह, ललन सिंह, शिवपूजन सिंह, रणधीर सिंह, बीके सिंह, हरि सिंह राजपूत समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि विनय सिंह को न्याय दिलाया जाए और दोषियों को कड़ी सजा मिले।
Also read: जमशेदपुर में युवक की रहस्यमय मौ’त परिजनों को ह’त्या की आशंका…
Also read: आगजनी के बाद लातेहार पहुंचे जोनल IG सुनील भास्कर, लिया जायजा