Chaibasa : झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। DGP अनुराग गुप्ता के निर्देश पर चल रहे लगातार अभियान के तहत पुलिस, कोबरा, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने दो सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में 19 साल का अलब्रेट लोमगा उर्फ रेंगो लोमगा और 20 साल का विकास लोमगा उर्फ रापा लोमगा उर्फ गबरी लोमगा उर्फ बालका लोमगा शामिल है। इन दोनों के पास से विस्फोटक सामग्री और बैट्री बरामद की गई है।
रातामाटी में पुलिया उड़ाने की थी साजिश
मालूम हो कि बीते 9-10 अक्टूबर की रात छोटानागरा थाना क्षेत्र के रातामाटी इलाके में नक्सलियों ने एक पुलिया को IED लगाकर उड़ा दिया था। पुलिस ने इस मामले में छोटानागरा थाना कांड संख्या 21/2025 दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना की तफ्तीश में जुटी पुलिस टीम को मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अहम सुराग मिले। इसी के आधार पर दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। ये नक्सली प्रतिबंधित भा.क.पा. (माओवादी) संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों के पास से 09 बोल्ट की 22 बैटरियां और करीब 200 मीटर बिजली का तार बरामद किया है। इन सामानों का इस्तेमाल विस्फोटक सामग्री को एक्टिव करने में किया जाता है। पुलिस का मानना है कि इन सामग्रियों का उपयोग इलाके में अन्य नक्सली वारदातों में भी किया जा सकता था।

संचालित अभियान से नक्सलियों में मचा हड़कंप
झारखंड पुलिस, कोबरा, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। इस सफलता से क्षेत्र के अन्य नक्सली संगठनों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस को सूचना है कि माओवादी संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ते के साथ कोल्हान-सारंडा क्षेत्र में सक्रिय हैं और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की फिराक में हैं।
झारखंड पुलिस की अपील
पुलिस ने नक्सल गतिविधियों में शामिल सभी व्यक्तियों से अपील की है कि वे झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और समाज की मुख्यधारा में लौटें। DGP अनुराग गुप्ता का साफ और सख्त संदेश है कि नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और राज्य से माओवादी गतिविधियों का पूर्ण उन्मूलन किया जाएगा।
Also Read : एरिया कमांडर सुनील की साथी नक्सलियों से अपील- हथियार छोड़ जनता के बीच लौटें