Ranchi : रांची पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोमाबाड़ी मैदान में अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री हो रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापामारी कर अरमान हुसैन उर्फ प्रिन्स (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 5.10 ग्राम ब्राउन शुगर और 22,280 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में अरमान ने अपने सप्लायर का नाम बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सकील उर्फ कारू (40 वर्ष) को खेत मुहल्ला, हिन्दपिढ़ी से गिरफ्तार किया। उसके पास से 2.70 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
फरार आरोपियों की तलाश
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हैं। इनमें हिंदपीढ़ी ताना क्षेत्र का बाबर उर्फ गुगुन उर्फ इमरान और कोतवाली थाना क्षेत्र का मो. अनु उर्फ सेराज शामिल हैं। दोनों फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
छापामारी दल में ये रहे शामिल
छापामारी का नेतृत्व कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने किया। इस टीम में कोतवाली थाना प्रभारी आदिकांत महतो, हिन्दपिढ़ी थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा, अहातु थाना प्रभारी मनोज सोरेन समेत कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले से ही कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहे हैं।
- अरमान हुसैन उर्फ प्रिन्स के खिलाफ डेलिमार्केट और हिन्दपिढ़ी थाने में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, दंगा, हत्या की कोशिश, अवैध हथियार रखने और पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
- सकील उर्फ कारू पर भी हत्या, रंगदारी, दंगा और अवैध हथियार रखने के कई मामले दर्ज हैं।
Also Read : PLFI के नाम पर मांगने वाले थे रंगदारी, पुलिस ने दो को हथियार के साथ दबोचा