Johar Live Desk : सर्दियों में स्किन और होंठ का सूखना आम समस्या बन गई है। कई लोग इस मौसम में होठ फटने की समस्या से परेशान रहते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सिर्फ ठंड ही नहीं, बल्कि शरीर में न्यूट्रिएंट्स की कमी भी इसके पीछे बड़ी वजह हो सकती है। खासकर विटामिन बी12 की कमी से कई लोगों के होंठ फटते हैं और त्वचा रूखी हो जाती है।
क्या कारण है होंठ फटने का?
डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, विटामिन बी12 लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण, डीएनए संश्लेषण और शरीर की अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी से एनीमिया, सुन्नपन, झुनझुनी और याददाश्त की समस्या भी हो सकती है। जब शरीर में इसकी मात्रा कम होती है, तो सर्दियों में होंठ फटने और त्वचा रूखी होने की समस्या बढ़ जाती है।
सर्दियों में समस्या क्यों बढ़ती है?
होंठों की त्वचा शरीर के अन्य हिस्सों की तुलना में पतली और संवेदनशील होती है। ठंड के मौसम में हवा में नमी कम होने और पानी कम पीने से होंठ और ज्यादा रूखे हो जाते हैं। इसके अलावा, लोग अक्सर रूखे होंठों को चाटते हैं, जिससे लार और अधिक रूखापन पैदा करती है।

विटामिन बी12 की कमी दूर करने के लिए क्या खाएं?
- मछली: सैल्मन, टूना और सार्डिन
- शेलफिश: क्लैम और ऑयस्टर
- अंडा: रोजाना अंडा शामिल करें
- डेयरी प्रोडक्ट्स: दूध, दही और पनीर
विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों में पर्याप्त पानी पीना और विटामिन बी12 से भरपूर आहार लेने से होंठों की रूखापन और फटने की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती है।

