Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची बाजार से 26 मई को रहस्यमय तरीके से लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची आफरीन को पुलिस ने 14 दिनों की लगातार तलाश और तकनीकी जांच के बाद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बच्ची के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है और परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है।
बकरीद की खरीदारी के दौरान हुई थी गायब
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बताया कि उलीडीह थाना क्षेत्र के हयात नगर (डिमना बस्ती) निवासी मो. इम्तियाज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ 26 मई को बकरीद की खरीदारी करने साकची बाजार पहुंचे थे। बाजार में काफी भीड़ थी। इसी दौरान उनकी तीन वर्षीय बेटी आफरीन अचानक गायब हो गई।
परिजनों ने बाजार और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया। टीम ने साकची बाजार और आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। लगातार फुटेज देखने के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला।
फुटेज में एक दंपति बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों की पहचान करने का प्रयास शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि संदिग्ध कपाली इलाके में किराये के मकान में रहते हैं।
कपाली से पुरुलिया तक पहुंची जांच
पुलिस जब कपाली स्थित उनके घर पहुंची तो मकान में ताला बंद मिला। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र स्थित पुष्टि गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42) और उसकी पत्नी अफसाना बेगम (30) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उनके कब्जे से आफरीन को सकुशल बरामद कर लिया गया।
संतान नहीं होने पर किया था अपहरण
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनकी शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें संतान नहीं हुई। बच्चा पाने की चाह में उन्होंने साकची बाजार में अकेली दिखी आफरीन का अपहरण कर लिया था।
आरोपित बच्ची को अपने गांव ले जाकर अपनी संतान की तरह पालने की योजना बना रहे थे। हालांकि पुलिस की सक्रियता के कारण उनकी योजना सफल नहीं हो सकी।
मोबाइल भी जब्त, जांच जारी
पुलिस ने गिरफ्तार दंपति के पास से दो स्मार्टफोन भी बरामद किए हैं। दोनों मोबाइल फोन को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका तो नहीं थी।
बेटी को देखकर रो पड़े परिजन
14 दिनों तक बेटी की तलाश में भटक रहे माता-पिता के लिए वह पल बेहद भावुक था, जब पुलिस ने आफरीन को सकुशल उनके हवाले किया। बेटी को देखते ही परिवार के लोगों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए।
मो. इम्तियाज और उनके परिवार ने पुलिस प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि अगर पुलिस लगातार प्रयास नहीं करती तो उनकी बेटी को वापस मिल पाना मुश्किल था।
पुलिस टीम की सराहना
इस पूरे अभियान में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, एसआई अमित कुमार सिंह, हरि महतो, जितेंद्र कुमार वर्मा, अभिनव कुमार, अमित कुमार चौधरी, सुजीत कुमार, एएसआई राजेश कुमार, बिरेंद्र कुमार सिंह, प्रेमकांत मिश्रा और साकची थाना रिजर्व गार्ड के जवानों की अहम भूमिका रही। सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि बच्ची की सकुशल बरामदगी पुलिस की बड़ी सफलता है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read : जामताड़ा के पुराने नगर भवन पर खत्म हुआ विवाद, विद्यालय प्रबंधन को सौंपा गया भवन

