Hazaribagh : हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र स्थित हुरहुरू में एक महिला को साधु का रूप धारण कर ठगने वाले तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से ठगे गए सोने के आभूषण समेत अन्य सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र के निवासी मलेट्री लाठौर, अखिलेश लाठौर और तितई लाठौर के रूप में हुई है।
सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह ने बताया कि 8 जून को हुरहुरू निवासी गुड़िया देवी के पति ने पुलिस को सूचना दी थी कि साधु के वेश में आए तीन लोगों ने धार्मिक बातों में उलझाकर उनकी पत्नी से सोने का जीतिया ठग लिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया, जिसके बाद उनके निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध साधु एक ऑटो में सवार होकर भाग रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने क्षितिज अस्पताल के पास घेराबंदी कर ऑटो को रोका और तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उनके जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गुड़िया देवी से ठगा गया सोने का जीतिया, मोती जड़ी माला तथा सोने जैसे दिखने वाले सात छोटे लॉकेट बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Also Read : सिमडेगा के आम पहुंचे लंदन, बिरसा हरित ग्राम योजना ने लिखी सफलता की नई कहानी


