Gumla : गुमला जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है। पुलिस एसोसिएशन के सचिव सह एएसआई मनोज पासवान के तीन कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो को लेकर पूरे जिले में चर्चा का माहौल बन गया है और पुलिस विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दो आदिवासी युवतियों के साथ संदिग्ध गतिविधियां नजर आ रही हैं। हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने पुलिस विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा है कि लगातार विवादों में घिर रहे पुलिसकर्मियों पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने से विभाग की छवि खराब हो रही है।
इधर, आदिवासी संगठनों में भी इस मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। कुछ संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप
गौरतलब है कि एएसआई मनोज पासवान पर पहले भी एक महिला सिपाही और एक सहायक महिला पुलिसकर्मी ने गंभीर आरोप लगाए थे। महिला सिपाही ने शिकायत में कहा था कि पति की मौत के बाद नौकरी से जुड़े काम के दौरान उसकी पहचान मनोज पासवान से हुई थी।
महिला का आरोप था कि आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर शादी का झांसा दिया और लंबे समय तक उसका शोषण करता रहा। महिला ने यह भी आरोप लगाया था कि एएसआई ने गुप्त रूप से आपत्तिजनक वीडियो बना लिए थे और वायरल करने की धमकी देता था।
इस मामले में कार्रवाई के बाद मनोज पासवान जेल में बंद था और हाल ही में जेल से बाहर निकला है। इसी बीच अब तीन नए कथित वीडियो वायरल होने से मामला फिर चर्चा में आ गया है।
एसपी ने कहा- जांच जारी है
इस संबंध में जब गुमला एसपी से टेलीफोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्हें भी वायरल वीडियो मिले हैं। फिलहाल वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : थानेदार का महिला पुलिसकर्मी के साथ तस्वीर वायरल, गिरी गाज


