Ramgarh : एक दोस्त का जन्मदिन मनाने निकले दो युवकों की घर वापसी कभी नहीं हो सकी। बासल थाना क्षेत्र के सियारी टोला के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दोनों दोस्तों की मौत हो गई। हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि दुर्घटना के बाद दोनों युवक पूरी रात सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ी, तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
मिली जानकारी के अनुसार सौंदा डी निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ संदीप कुमार का मंगलवार को जन्मदिन था। इस मौके पर वह अपने मित्र राहुल कुमार के साथ पतरातू डैम के पास स्थित एक होटल में जन्मदिन मनाने गया था। देर रात दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि सियारी टोला के पास पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार में बाइक डिवाइडर पार कर सड़क से काफी दूर जा पहुंची और एक अर्धनिर्मित मकान की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अंधेरे में किसी को नहीं लगी हादसे की भनक
हादसे के बाद दोनों युवक सड़क से करीब 100 फीट दूर पड़े रहे। रात का समय और सुनसान इलाका होने के कारण कोई उन्हें देख नहीं सका। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उधर, देर रात तक दोनों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला।
सुबह ग्रामीणों ने देखा तो मचा हड़कंप
बुधवार सुबह जब स्थानीय लोग उस रास्ते से गुजरे तो उन्होंने दोनों युवकों को सड़क किनारे पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ ही देर बाद परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। शवों की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। जन्मदिन की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
पूरे इलाके में शोक का माहौल
इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही सौंदा डी और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों युवकों को जानने वाले लोग स्तब्ध हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस कर रही जांच
बासल थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की बात सामने आ रही है।
Also Read : झारखंड के 13 जिलों में आज-कल बारिश और वज्रपात के आसार, अलर्ट जारी


