Ranchi : झारखंड में बारिश के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में दो दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं दूसरी ओर संथाल परगना और कोयलांचल के कई जिलों में मौसम शुष्क रहने से गर्मी का असर बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार जून के पहले सप्ताह के अंत तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
13 जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 3 और 4 जून को रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, गुमला, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में रहेगा ड्राई मौसम, बढ़ेगी तपिश
देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और कोडरमा में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहने के कारण इन इलाकों में गर्मी लोगों को ज्यादा परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए भीषण गर्मी को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
रांची में 37 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
राजधानी रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ते हुए 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। बोकारो में अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री के बीच रहेगा। हजारीबाग और रामगढ़ में भी अगले कुछ दिनों में पारा 38 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
पलामू-गढ़वा सबसे गर्म रहेंगे
उत्तर-पश्चिम झारखंड के जिले इस बार भी सबसे ज्यादा गर्म रहने वाले हैं। पलामू और गढ़वा में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर लोगों को परेशान कर सकता है। चतरा और कोडरमा में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है।
कोल्हान और संथाल परगना में भी बढ़ेगा तापमान
पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। पश्चिमी सिंहभूम में पारा 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। देवघर, दुमका और धनबाद में तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में 5 जून तक तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 जून को इन इलाकों में मौसम में बदलाव आ सकता है। बारिश की संभावना के बीच तापमान घटकर 32 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है।
लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। विशेषकर पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे जिलों में रहने वाले लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और लू से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है।
Also Read : घर में सो रहे दंपती पर आधी रात जानलेवा हमला, पति की मौ’त

