Ranchi : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में झारखंड में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री और रांची सांसद संजय सेठ ने रविवार को दी। संजय सेठ ने बताया कि सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ 17 सितंबर को सुबह 9 बजे प्रधानमंत्री के आवास पर हवन के साथ होगा। इसके बाद 75 सफाई कर्मी, 75 पैरामेडिकल स्टाफ, 75 नर्स और छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे, जिससे आम जनता की भलाई सुनिश्चित की जा सके। रांची लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सोलर लाइट का उद्घाटन किया जाएगा। प्लास्टिक मुक्त भारत के उद्देश्य से 25,000 जूट बैग और 25,000 छाते वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा 50,000 परिवारों के बीच सुरक्षा लॉग बुक का वितरण भी किया जाएगा।
संजय सेठ ने कहा कि 21 सितंबर को फिट इंडिया साइक्लोथोन का आयोजन मोराबादी से सुबह 7 बजे होगा, जिसमें 1,000 से अधिक लोग साइकिल के साथ भाग लेंगे। उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी अपनाने का आह्वान भी किया और कहा कि प्रधानमंत्री का यह अभियान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा तथा घर-घर रोजगार के अवसर बढ़ाएगा। मंच संचालन समिति के अध्यक्ष मुकेश काबरा ने बताया कि 2 अक्टूबर को शस्त्र पूजा का आयोजन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में किया जाएगा। इसके अलावा कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। रांची के विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान सनातन धर्म को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में अजय मारू, मुकेश काबरा, कुणाल अजमानी, चंद्रकांत रायपत, रविंद्र मोदी, प्रमोद सारस्वत, निरंजन शर्मा, संजय पोद्दार, संजय जायसवाल, राजन तिवारी, विजय ओझा सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
Also Read : आतंक से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी पर झामुमो की खामोशी क्यों : राफिया नाज