Ramgarh : रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने कुज्जू ओपी परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय व्यवसायी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, शांति समिति के सदस्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एसपी ने इसे एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे भविष्य में पुलिस और आम जनता के बीच संबंध और मजबूत होंगे। बताया गया कि पूर्व में कुज्जू ओपी परिसर में मालखाना के वाहन अंदर और बाहर खड़े रहने के कारण जगह की कमी बनी रहती थी। इसी सीमित स्थान पर आम जनता की समस्याएं सुनी जाती थीं। मालखाना का सामान भी अधिक होने के कारण अव्यवस्थित ढंग से रखा गया था, जिससे स्वच्छ वातावरण नहीं मिल पा रहा था। आम लोगों के बैठने की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।
ओपी निरीक्षण के दौरान एसपी ने ओपी प्रभारी को मालखाना के वाहनों को सुरक्षित अन्य स्थान पर रखने तथा आम जनता के लिए शेड निर्माण और पेयजल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। इसके बाद कुज्जू ओपी प्रभारी पु०अ०नि० आसुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में मालखाना के सभी वाहनों को दूसरे सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया और खाली स्थान में सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया।
सौंदर्यीकरण कार्य के तहत पुलिस पदाधिकारियों और ओपी में आने वाले लोगों के बैठने के लिए नया शेड बनाया गया है, जिसमें पंखा, बिजली और चाय–कॉफी मशीन की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही नया झंडोतोलन मंच, ओपी परिसर के आगे और पीछे नई चाहरदीवारी, पुलिस कर्मियों के लिए बैरक, मालखाना रूम और नया रसोईघर भी निर्मित किया गया है। पूरे परिसर में रंग-रोगन और साफ-सफाई का कार्य किया गया।
कुज्जू ओपी की बाहरी चाहरदीवारी पर जागरूकता से संबंधित पेंटिंग कराई गई है, जिसमें डायल 112, साइबर अपराध से बचाव, नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान और सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश अंकित हैं। साथ ही पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मंडु अंचल के पुलिस निरीक्षक और ओपी प्रभारी के मोबाइल नंबर भी दर्शाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार यह सभी कार्य तीन माह के भीतर ओपी प्रभारी, अधीनस्थ पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों और चौकीदारों के संयुक्त प्रयास से पूरे किए गए। इस कार्य में स्थानीय व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों और अन्य गणमान्य लोगों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि ओपी परिसर के सौंदर्यीकरण से अब आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पुलिस के प्रति विश्वास और संवाद दोनों मजबूत होंगे।
Also Read : डीजीपी तदाशा मिश्रा पहुंची जमशेदपुर, कैरव गांधी अपहरण और कानून-व्यवस्था पर की समीक्षा बैठक

