Ranchi : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को जान से मारने की धमकी देने वाले संदेही गुनहगार को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार शख्स का नाम नित्यानंद पाल बताया गया। वह मूल रूप से बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के बांगा बाजार नारायणपुर का रहने वाला है। वर्तमान में वह धनबाद के हरिहरपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर इलाके में रह रहा था। पुलिस ने उसे धनबाद रेलवे स्टेशन से दबोचा है। इस बात का खुलासा DIG सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा ने मीडिया के सामने किया।
DIG सह SSP ने मीडिया को बताया कि 26 जुलाई को यह जानकारी मिली थी कि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के मोबाइल नंबर 9431105882 पर दो मोबाइल नंबरों – 6209401932 और 9431706452 से कॉल और मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में पंडरा ओपी में मामला दर्ज किया गया था। कोतवाली DSP प्रकाश सोय की देखरेख में टीम गठित की गयी थी। गठित टीम ने तफ्तीश शुरू की। टेक्निकल सेल की मदद ली गयी और पुलिस को संदेही गुनहगार का लोकेशन मिल गया। पुलिस ने उसे धनबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास धमकी देने वाला मोबाइल भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी नित्यानंद पाल ने स्वीकार किया कि वह बड़े नेताओं और अन्य लोगों को फोन पर धमकी देकर पैसे ऐंठने का काम करता है। नित्यानंद पाल का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
Also Read : BMW से टक्कर में घायल युवक की मौत, 5 साल की बच्ची की मौके पर ही हुई थी मौ’त…