Godda : गोड्डा जिले में शुक्रवार की सुबह एक महिला की बॉडी घर के पीछे स्थित कुएं से मिली। मृतका की शिनाख्त काजल कुमारी के तौर पर की गई है। वह 5 नवंबर से लापता थी। यह मामला महागामा थाना क्षेत्र के बागजोरी गांव से सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, काजल का अपने पति मिथुन भगत से 5 नवंबर की शाम झगड़ा हुआ था। मिथुन भगत ने बताया कि उस दिन वह अपनी मां को महागामा छोड़ने और किराना सामान लेने गया था। देर से लौटने पर पत्नी ने सवाल किया, जिससे दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद काजल घर से बाहर चली गई और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों ने घर के पीछे कुएं में महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
महागामा थानेदार मनोज कुमार पाल और एएसआई रोमा कुमारी दल-बल के साथ स्पॉट पर पहुंचे और बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका काजल कुमारी मूल रूप से भागलपुर जिले के नाथनगर की रहने वाली थी। दोनों की शादी 2023 में हुई थी और उनकी एक वर्ष की संतान भी है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Also Read : तदाशा मिश्रा बनी झारखंड की पहली महिला DGP, ग्रहण किया पदभार

