Garhwa : बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के सिंहपुर मर्चवार गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा से बारात में आए जूनियर इंजीनियर विकास विश्वकर्मा (32) का शव आज सुबह नाथ भोग आटा मिल के पास एक कुएं में तैरता मिला। विकास, अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) के गांधीनगर निवासी रामाशीष विश्वकर्मा के बेटे थे।
विकास अपने भाई के दोस्त राकेश कुमार ठाकुर की शादी में शामिल होने के लिए ओबरा से गढ़वा आए थे। शादी समारोह डंडई प्रखंड के महूडंड गांव के प्रमोद ठाकुर के यहां हो रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, विकास रात में बारात में दोस्तों के साथ डांस कर रहे थे। मध्य रात्रि में अचानक वह गायब हो गए। दोस्तों ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल नहीं लगा।
सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। बंशीधर नगर पुलिस और डीएसपी सत्येंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। शव को कुएं से निकाला गया और जांच शुरू की गई। परिजनों को भी सूचित किया गया। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।