Ranchi : रांची के हटिया थाना क्षेत्र स्थित पटेल नगर की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी श्रुति कुमारी घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों की सूझबूझ और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहयोग से उसे उत्तर प्रदेश के कानपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार श्रुति कुमारी हटिया के चांदनी चौक स्थित पटेल नगर रोड नंबर-19 की रहने वाले प्रेम रजक की बेटी है। परिजनों ने बताया कि बीते 15 जून की शाम करीब 4:40 बजे किसी बात को लेकर मां ने उसे डांट दिया था। इससे नाराज होकर वह घर से कहीं चली गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
रेलवे टिकट मिलने से खुला सुराग
परिजनों से पूछताछ के दौरान एक रेलवे टिकट मिला, जिससे यह संकेत मिला कि किशोरी ट्रेन से कहीं गई हो सकती है। इसी आधार पर मामले की जानकारी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी गई। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। रेलवे नेटवर्क और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर खोजबीन की गई। जांच के दौरान पता चला कि किशोरी उत्तर प्रदेश के कानपुर पहुंच गई है। आरपीएफ और संबंधित एजेंसियों के सहयोग से श्रुति कुमारी को कानपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की गई। किशोरी के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
Also Read : 9 महीने से लापता युवक का कंकाल बरामद, ह’त्या के आरोप में तीन दोस्त गिरफ्तार

