Gumla : गुमला के जारी थाना क्षेत्र में नौ महीने से लापता युवक के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की उसके ही दोस्तों ने हत्या कर दी थी और शव को कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, जारी थाना क्षेत्र के कटिंबा गांव निवासी 27 वर्षीय विनय तिग्गा एक अक्टूबर 2025 को घर से यह कहकर निकला था कि वह फुटबॉल मैच देखने जा रहा है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। आखिरकार जारी थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस और परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कई महीनों तक कोई सुराग नहीं मिला।
गुप्त सूचना से खुला हत्या का राज
करीब नौ महीने बाद जारी थाना प्रभारी शनि कुमार को गुप्त सूचना मिली कि विनय की हत्या कर दी गई है और इसमें उसके कुछ दोस्त शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने हत्या की पूरी कहानी बता दी। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन विनय अपने दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोस्तों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विनय पहले एक हत्या के मामले में जेल जा चुका था और जमानत पर बाहर आया था।
सबूत मिटाने के लिए कुएं में फेंका शव
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से शव को बंझर डांटोली स्थित एक पुराने कुएं में फेंक दिया। इसके बाद सभी आरोपी सामान्य जीवन जीते रहे और किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची। उनकी निशानदेही पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कुएं से मानव कंकाल बरामद किया गया। कुएं से कंकाल निकालने की कार्रवाई अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता और मजिस्ट्रेट की निगरानी में की गई। बरामद कंकाल को पहचान और अन्य वैज्ञानिक जांच के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल
नौ महीने से लापता युवक की हत्या का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, मृतक के परिजनों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस ने हत्या में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी कर जल्द ही अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।
Also Read : शौच के लिए निकले बुजुर्ग की डंडे से पीट-पीटकर ह’त्या, आरोपी गिरफ्तार

