Johar Live Desk: कर्नाटक के बेलगावी से मुंबई जा रही एक फ्लाइट में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। उड़ान के दौरान विमान के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ और सतर्कता से सभी 48 यात्रियों की जान सुरक्षित रही।
यह फ्लाइट सुबह 7:50 बजे बेलगावी से रवाना हुई थी और इसे 8:50 बजे मुंबई पहुंचना था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद इंजन में खराबी की जानकारी मिली। पायलट ने तुरंत हालात को संभालते हुए विमान को सुरक्षित तरीके से बेलगावी एयरपोर्ट पर वापस उतार लिया।
फ्लाइट का संचालन करने वाली कंपनी स्टार एयर ने यात्रियों को मुंबई भेजने के लिए दोपहर 2:30 बजे तक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर दी। साथ ही, एयरलाइन ने इंजन में आई तकनीकी समस्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हाल के समय में उड़ानों में बार-बार तकनीकी खराबी के मामले सामने आने से यात्री चिंतित हैं। पहले हवाई यात्रा को सबसे सुरक्षित और तेज़ माना जाता था, लेकिन अब यात्रियों के मन में यह डर बैठने लगा है कि मंजिल तक सुरक्षित पहुंचना ही सबसे बड़ी राहत है। विशेषज्ञों का कहना है कि एयरलाइंस को यात्रियों का भरोसा दोबारा जीतने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।