Ranchi : रांची से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के सर्जरी विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट प्रथम वर्ष के छात्र डॉ. सानु सनल बरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव शहर के कटहल मोड़ स्थित एक मकान से बरामद किया गया। घटना की खबर मिलते ही रिम्स के डॉक्टरों, छात्रों और उनके परिचितों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। इस घटना ने इसलिए भी सभी को झकझोर दिया है क्योंकि बीते 14 दिनों के भीतर रिम्स से जुड़े छात्रों की मौत की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 16 मई को एमबीबीएस के एक छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में मिला था।
कटहल मोड़ स्थित मकान से मिला शव
जानकारी के अनुसार शनिवार को कटहल मोड़ के पास स्थित एक मकान में डॉ. सानु का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। हालांकि पुलिस का कहना है कि बिना जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पूर्व स्वास्थ्य निदेशक के पुत्र थे डॉ. सानु
डॉ. सानु सनल बरवार का परिवार झारखंड के चिकित्सा जगत में जाना-पहचाना नाम रहा है। वे स्वास्थ्य विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. हिमांशु शेखर के पुत्र थे। उनका परिवार रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि डॉ. सानु पढ़ाई में काफी मेधावी थे और सर्जरी विभाग में पीजी की पढ़ाई कर रहे थे। उनकी अचानक हुई मौत की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और मेडिकल समुदाय में गहरा दुख है।
रिम्स में शोक का माहौल
घटना की जानकारी मिलते ही रिम्स के छात्रों और डॉक्टरों के बीच शोक का माहौल बन गया। कई छात्र और चिकित्सक इस घटना से स्तब्ध हैं। मेडिकल कॉलेज में पूरे दिन इस घटना की चर्चा होती रही। गौरतलब है कि हाल के दिनों में रिम्स से जुड़े छात्रों की मौत की घटनाओं ने संस्थान के छात्रों और चिकित्सकों के बीच चिंता बढ़ा दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मकान में मौजूद परिस्थितियों और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। परिवार और परिचितों को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि आखिर डॉ. सानु की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
Also Read : चिंगारी से मची तबाही : हाईटेंशन तार से सटते ही कंटेनर बना आग का गोला


