Gumla : राष्ट्रीय कृमि दिवस के मौके पर गुमला जिला मुख्यालय के कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय में एक विशेष जागरूकता एवं दवा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो और सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को कृमि से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल दवा की खुराक दी गई। उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह दवा बच्चों को बीमारियों से बचाएगी और उनकी पढ़ाई व समग्र विकास में मददगार होगी। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि 100% लक्षित बच्चों तक दवा पहुंचाई जाए।
सिविल सर्जन डॉ. चौधरी ने जानकारी दी कि आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहिया कर्मियों की मदद से कुल 2,22,552 बच्चों को आज दवा दी जा रही है। जो बच्चे आज किसी कारणवश दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 19 दिसंबर को फिर से दवा दी जाएगी।
महिला स्वास्थ्य पर विशेष अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक
सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले में ‘स्वास्थ्य नारी, सशक्त परिवार’ अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 11 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 242 आयुष आरोग्य मंदिरों में आयोजित होगा।
इस दौरान सभी उम्र की महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और आवश्यक उपचार भी मुहैया कराया जाएगा। सिविल सर्जन ने जिले की सभी महिलाओं से अपील की कि वे इस स्वास्थ्य अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इसका लाभ उठाएं।