
Ranchi : बिहार और झारखंड के जाने-माने पत्रकार विनय कुमार को केंद्र सरकार ने एक नई जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया गया है। यह जानकारी वस्त्र मंत्रालय के उप महानिदेशक अखिलेश कुमार द्वारा जारी अधिसूचना में दी गई।
इस समिति के अध्यक्ष केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह हैं, जबकि राज्य मंत्री उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे। समिति में सांसदों के साथ-साथ प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी भी सदस्य के रूप में शामिल हैं।
विनय कुमार लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे वर्तमान में यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) और यूनीवार्ता के बिहार-झारखंड समन्वयक के तौर पर कार्य कर रहे हैं। अपने 35 वर्षों से अधिक के करियर में उन्होंने कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय अखबारों के साथ काम किया है। इससे पहले भी वे केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले, ग्रामीण विकास, इस्पात और खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालयों की विभिन्न समितियों में योगदान दे चुके हैं।
उन्होंने सातवां विश्व हिंदी सम्मेलन (सूरीनाम) भी एक पत्रकार के रूप में कवर किया था। नई जिम्मेदारी मिलने पर विनय कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि वे इस भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। बता दें कि विनय कुमार बिहार के जमुई जिले के खैरा प्रखंड स्थित खैरा गांव के निवासी हैं।