Ranchi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट पर है। उनके आवागमन से लेकर प्रस्थान तक रांची, धनबाद और देवघर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। बुधवार को विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से विस्थापित भवन मैदान, धुर्वा में मनोज कौशिक पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र द्वारा सुरक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया गया।
चंदन कुमार सिन्हा डीआईजी सह एसएसपी के द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण के सभी बिंदुओं पर बारीकी एवं विस्तार पूर्वक सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को उनके कर्तव्य से अवगत कराया गया तथा ड्यूटी के दौरान DOs/Dont’s एवं सभी संभावित मुद्दे एवं चुनौतियों के बारे में बताया गया तथा ड्यूटी के दौरान सभी प्रतिनियुक्ति स्थलों पर महतम सतर्कता के साथ निर्दिष्ट कार्य करने के आदेश दिए तथा रूट लाइन में पड़ने वाले सभी चौक-चौराहों, उप-मार्गों, डिवाइडर कट, ऊंचे इमारतों पर चौकन्ना रहकर अपना कर्तव्य निर्वहन करने का आदेश दिया गया ताकि महामहिम राष्ट्रपति महोदय का गमनागमन सुचारू रूप से संपन्न हो सके। ब्रीफिंग के दौरान सभी पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारियों एवं अन्य सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची के द्वारा उपस्थित दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सतर्कता पूर्वक सभी प्रतिनियुक्त स्थलों पर आवश्यक बंदोबस्त के साथ निर्दिष्ट कर्तव्य का निर्वहन करने के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश दिया गया।
इस ब्रीफिंग के दौरान समादेष्टा JAP-07, समादेष्टा SIRB-02, पुलिस अधीक्षक जे०ए०पी०टी०सी पदमा, पुलिस अधीक्षक SCRB, पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण रांची एवं रांची जिला के सभी पुलिस उपाधीक्षक उपस्थित थे।