Giridih : गिरिडीह नगर निगम में कार्यरत सफाई कर्मियों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। दुर्गा पूजा शुरू हुए चार दिन हो गया लेकिन वेतन अब तक नही मिला। इससे नाराज सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और जोरदार प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने साफ कहा कि अगर उन्हें जल्द वेतन नहीं मिला तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों ने निगम प्रशासन पर आरोप लगाया कि सरकार की ओर से वेतन भुगतान को लेकर निर्देश होने के बावजूद लापरवाही की जा रही है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि त्योहार के मौके पर जब हर घर में खुशियां मनाई जा रही थीं, तब उनके घरों में आर्थिक तंगी और परेशानी छाई रही। वेतन न मिलने की वजह से बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और जरूरी जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।

सफाई कर्मियों ने बताया कि वे दिन-रात शहर को साफ रखने में जुटे रहते हैं। त्योहारों के वक्त भी ड्यूटी करते हैं, लेकिन जब वेतन की बात आती है, तो हमेशा नजरअंदाज कर दिया जाता है।
प्रदर्शन के दौरान निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में गिरिडीह शहर गंदगी से भर जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी।
Also Read : नवरात्रि 2025 : घर में लाएं ये 5 चीजें, मिलेगा सौभाग्य और धन-समृद्धि