Ranchi : झारखंड प्रीमियर लीग 2026 का खिताब छोटानागपुर रॉयल्स ने अपने नाम कर लिया। बीते शाम हुए फाइनल मुकाबले में छोटानागपुर रॉयल्स ने जमशेदपुर स्टीलर्स को 7 विकेट से हरा दिया। मैच रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। झारखंड टी-20 लीग के फाइनल मुकाबले के दौरान बीती रात बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मैच देखने के लिए हजारों क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन एंट्री की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। नतीजा यह हुआ कि नॉर्थ, वेस्ट और साउथ गेट पर खलबली मच गई और देखते ही देखते भगदड़ जैसी हालात हो गये। इस घटना में करीब 22 लोग जख्मी हुए हैं, जिनमें सात से आठ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
फ्री एंट्री और अफवाह के चलते बढ़ी भीड़, बैरिकेडिंग टूटी
फाइनल मुकाबले में दर्शकों के लिए एंट्री फ्री रखा गया था। वहीं सोशल मीडिया पर यह अफवाह भी तेजी से फैल गई कि दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी स्टेडियम पहुंच सकते हैं। इसके बाद उम्मीद से कहीं ज्यादा लोग मैच देखने पहुंच गए। स्टेडियम के बाहर शाम से ही भारी भीड़ जमा होने लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआत में दर्शकों को नॉर्थ गेट से अंदर भेजा जा रहा था। भीड़ बढ़ने पर लोगों को दूसरे गेट की ओर जाने के लिए कहा गया। इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हजारों लोग एक साथ घुसने की कोशिश करने लगे और हालात बेकाबू हो गए। कई दर्शकों ने इल्जाम लगाया कि स्टेडियम में चार एंट्री गेट है, बावजूद इसके केवल एक गेट का इस्तेमाल ज्यादा किया गया। जब भीड़ बढ़ी तो कुछ समय के लिए गेट बंद कर दिया गया, जिससे लोगों का गुस्सा उबाल पर आ गया। नाराज दर्शकों की धक्का-मुक्की से बैरिकेडिंग भी टूट गया। वेस्ट गेट को भी नुकसान पहुंचा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कई युवक स्टेडियम की ऊंची दीवार फांदकर अंदर घुसने की कोशिश करते दिखे। भगदड़ के दौरान कई लोगों की चप्पलें और जूते मौके पर ही छूट गए। स्टेडियम के भीतर और बाहर चारों तरफ सामान बिखरे पड़े दिखे।
घटना में पुरुषों के अलावा महिलाएं और बच्चे भी जख्मी हुए। घायलों को तुरंत राज अस्पताल, पारस अस्पताल और रांची सदर अस्पताल पहुंचाया गया। कई लोगों का प्राथमिक उपचार स्टेडियम परिसर में ही किया गया। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने मीडिया को बताया कि सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की कई टीमों को मौके पर भेजा गया। देर रात तक घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम जारी रहा। डॉक्टर के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं, हालांकि एक लड़की के पेट में गंभीर चोट लगने के कारण उसे निगरानी में रखा गया।
क्या बोले JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव
JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि फाइनल मुकाबले में अप्रत्याशित भीड़ उमड़ने के चलते ऐसे हालात बने। उन्होंने बताया कि 10 जून से लीग के मैच चल रहे थे, लेकिन पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में दर्शक नहीं पहुंचे थे। वहीं आयोजन समिति के सदस्य कमल ने कहा कि दर्शकों की संख्या अचानक बढ़ जाने से कुछ समय के लिए स्थिति असामान्य हुई थी। बाद में भीड़ को नियंत्रित कर लिया गया और मैच का आयोजन सामान्य रूप से जारी रहा।
Also Read : राम मंदिर घोटाला : चढ़ावे से जमीन तक, कैसे फंसा पूरा मामला

