Ranchi : राजधानी रांची के बहु बाजार स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। कॉलेज के छात्र और ABVP यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जोरदार नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन हुआ, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालात इतने बिगड़ गये कि पुलिस को कॉलेज आना पड़ा।
मामले जन्माष्टमी के मौके पर हुए एक कार्यक्रम से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है जन्माष्टमी के दिन कॉलेज कैपस में पूजा की गयी। इस दौरान ऑर्केस्ट्रा भी कराया गया। इस ऑर्केस्ट्रा में अश्लील डांस कराया गया। इसी के विरोध में ABVP ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। ABVP कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के प्रिंसिपल पर सीधा निशाना साधते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर डाली। उनका साफ कहना था कि शिक्षा के मंदिर में अश्लील डांस कतई नहीं होना चाहिये।
वहीं, कॉलेज के छात्रों ने ABVP के इस विरोध को गैरजरूरी और राजनीतिक रंग देने वाला करार दिया। उन्होंने कॉलेज परिसर में ABVP के खिलाफ जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि कॉलेज की पढ़ाई और माहौल बिगाड़ने के लिए ABVP अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहा है। मामले में कॉलेज के प्रिंसिपल का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी। मामले की जांच कराई जायेगी।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस की टीम भी तैनात की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की और किसी बड़ी घटना को होने से रोक लिया। इस दौरान ABVP के कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन गो बैक के नारे भी लगाये।
Also Read : 11 IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, कई बने SDO… देखें पूरी लिस्ट