Ranchi : रांची नगर निगम ने सोमवार को अपने 46वें स्थापना दिवस को मुख्यालय के आठवें तल पर हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया। समारोह का शुभारंभ महिला कर्मचारियों द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इस अवसर पर प्रशासक महोदय की पहल पर पांच लाभुकों को पारिवारिक पेंशन और पांच सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई। इससे कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम के दौरान नाट्यशाला ग्रुप ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों में “नशा मुक्त भारत” और “पलायन के विरुद्ध” जैसे सामाजिक मुद्दों को उजागर किया गया। दर्शकों ने इन नाटकों की काफी सराहना की।
प्रशासक ने निगम परिवार के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि नगर विकास और नागरिक सेवाओं में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करना आवश्यक है। इसके अलावा निगम कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित प्रीतिभोज में सभी कर्मचारियों ने पारस्परिक सौहार्द और एकता का परिचय दिया।
नगर निगम की निजी भूमि का नामांतरण
स्थापना दिवस के अवसर पर नगर निगम ने अपनी निजी भूमि के नामांतरण (Mutation) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता अपर प्रशासक श्री संजय कुमार ने की। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि रांची नगर निगम क्षेत्र में स्थित म्युनिसिपल लैंड की सटीक जानकारी होना आवश्यक है। भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने से पहले भूमि की प्रकृति और खसरा-खतियान का सही नामांतरण करना अनिवार्य है।
बैठक में उप प्रशासक रविंद्र कुमार, श्री गौतम प्रसाद साहू, सभी सहायक प्रशासक, विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक के माध्यम से नगर निगम ने भूमि संबंधी अभिलेखों को अद्यतन और पारदर्शी बनाने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए।
Also Read : जेल में एचआईवी पॉजिटिव कैदी मामले में हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान, दिया यह आदेश