Ranchi : झारखंड के कई हिस्सों में बीते कुछ दिनों में जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश में बने चक्रवात के कारण राज्य में 20 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा और धनबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, रांची, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा समेत 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 16 और 17 सितंबर को भी कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
रांची में रविवार से लगातार हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। 24 घंटे में शहर में 40.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। राज्य में 1 जून से 15 सितंबर के बीच अब तक सामान्य से 20% ज्यादा बारिश हुई है। पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक 59%, सरायकेला-खरसावां में 53% और रांची में 49% अतिरिक्त बारिश दर्ज की गई है। वहीं, पाकुड़ जिले में 26% कम बारिश हुई है।
बारिश का असर अब आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है। सब्जी उत्पादक किसानों को नुकसान हो रहा है, वहीं दुर्गा पूजा की तैयारियों में भी बाधा आ रही है। रांची की पूजा समितियां और मूर्ति निर्माता लगातार हो रही बारिश से परेशान हैं, क्योंकि मूर्तियां सूख नहीं पा रही हैं और पंडाल निर्माण में दिक्कत आ रही है।
मौसम विभाग ने पूजा समितियों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि इस बार दुर्गा पूजा मानसून के आखिरी दौर में पड़ेगी।
Also Read : जमशेदपुर के SSP पीयूष पाण्डेय का कड़ा निर्देश : लंबित मामलों पर हो त्वरित कार्रवाई…