Sasaram : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी रविवार से बिहार के सासाराम से अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस यात्रा में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव सहित महागठबंधन के सभी घटक दलों के नेता शामिल होंगे।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस यात्रा को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह बिहार के 14 करोड़ लोगों का आशीर्वाद प्राप्त करेगी। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “लोकतंत्र में जनता मालिक है। हम जनता के बीच जा रहे हैं। वोटर का अधिकार सिर्फ वोट देना नहीं, बल्कि वोट की रक्षा करना भी है। हम लोगों को जागरूक करेंगे, उनकी समस्याओं को उठाएंगे और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। साथ ही, महागठबंधन की सरकार बनने पर हमारी योजनाओं के बारे में भी जनता को बताएंगे।” तेजस्वी ने यह भी कहा कि यह उनकी पहली यात्रा नहीं है। “हम पहले भी जनता के बीच जाते रहे हैं। हमारे जनसमर्थन से एनडीए के लोग डर जाते हैं। प्रधानमंत्री जब बिहार आते हैं, तो बच्चों के स्कूल तक बंद कर दिए जाते हैं। खाली डायलॉगबाजी से कुछ नहीं होता। जब पीओके पर कब्जा करने का मौका था, तब अमेरिका के राष्ट्रपति के कहने पर पीछे हट गए।”
देश में डेमोग्राफी चेंज के मुद्दे पर तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “11 साल से क्या कर रहे थे? झारखंड में भी यह मुद्दा उठाया गया था, लेकिन जनता ने करारा जवाब दिया। हर बार चुनाव के समय इन्हें घुसपैठियों की याद आती है।” उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता इस बार महागठबंधन को स्पष्ट बहुमत देगी। “सभी जाति और धर्म के लोग हमारा समर्थन कर रहे हैं। महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है, यही वजह है कि अन्य पार्टियां डरी हुई हैं और ऊटपटांग बयान दे रही हैं।” यह यात्रा बिहार में महागठबंधन की स्थिति को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी नीतियों को लेकर जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।