Johar Live Desk : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने राजकीय दौरे के पहले चरण में अंगोला की राजधानी लुआंडा पहुंच गई हैं। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की अंगोला की पहली राजकीय यात्रा है। राष्ट्रपति भवन के अनुसार, यह यात्रा भारत की अफ्रीका और वैश्विक दक्षिण के साथ साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
राष्ट्रपति मुर्मू 8 से 11 नवंबर तक अंगोला में रहेंगी, जहां वह अपने समकक्ष जोआओ लौरेंको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी और अंगोला की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ समारोह में भी भाग लेंगी। वह अंगोला की संसद को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगी।
विदेश मंत्रालय के आर्थिक संबंध सचिव सुधाकर दलेला ने बताया कि यह यात्रा भारत और अफ्रीकी देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरे के दौरान प्रोजेक्ट चीता के तहत बोत्सवाना से चीतों के स्थानांतरण पर चर्चा होगी।

अंगोला यात्रा के बाद राष्ट्रपति मुर्मू 11 से 13 नवंबर तक बोत्सवाना जाएंगी, जहां वह राष्ट्रपति ड्यूमा गिदोन बोको के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान व्यापार, निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होगी।
भारत और अफ्रीका के संबंध हाल के वर्षों में लगातार मजबूत हुए हैं। राष्ट्रपति मुर्मू की यह यात्रा इन रिश्तों को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Also Read : तेजस्वी यादव ने परिवार के साथ मनाया 37वां जन्मदिन, RJD कार्यालय में आज होगा बड़ा समारोह

